Tuesday 19 November 2019

जब एक एसडीएम ने संभाला नगर निगम के अतिरिक्त कमिश्नर का कार्यभार तो.....



ऑनलाइन डेस्क अबोहर
पंजाब सरकार के निर्देशों पर व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार जाखड़ के प्रयासों से अबोहर नगर परिषद को बीते दिनों नगर निगम का दर्जा दिया गया था। उसके बाद नगर निगम के पहले अतिरिक्त कमिश्नर के तौर पर अबोहर की ही एसडीएम पूनम सिंह को नियुक्त किया गया, जिन्होंने मंगलवार को अबोहर नगर निगम कार्यालय में पहुंचकर अपना कार्यभार संभाला। नगर निगम पहुंचने पर अधिकारियों व कर्मचारियों ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ टाऊन हाल में बैठक कर उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर उनकी माता परमजीत कौर विशेष रूप से उनके साथ मौजूद थी, जिन्होंनें अपनी बेटी को आर्शीवाद देते हुए कार्यभार संभालने की शुभकामनाएं दी।


बैठक के दौरान पूनम सिंह ने कहा कि पहले शहर वासियों को सफाई व्यवस्था एवं शहर की टूटी सडकों की उचित व्यवस्था न होने के कारण परेशानी झेलनी पड रही थी लेकिन अब नगर निगम बनने के बाद इन समस्याओं से निजात मिल पाएगी। उन्होंने सभी शहर वासियों से एक अच्छे नागरिक होने का फर्ज निभाते हुए समय पर अपना टैक्स अदा करने की अपील की। उन्होंनें कहा कि उनका पहला लक्ष्य यही रहेगा कि नगर निगम के सफाई सेवकों तथा अन्य कर्मचारियों को समय पर वेतन मिले।

पूनम सिंह ने कहा कि नगर निगम बनने के बाद उनका यह मुख्य लक्ष्य रहेगा कि शहर वासियों को शुद्ध पेयजल के अलावा सीवरेज समस्या से निजात मिल सके। शहर के विकास के लिए सरकार द्वारा पहले की तुलना में अधिक फंड जारी किया जाएगा जिससे शहर के विकास कार्य करवाए जांएगें। पिछले तीन वर्षों के कार्यकाल में शहरवासियों ने उन्हें भरपूर सहयोग एवं प्यार दिया है इसलिए उनका यह प्रयास रहेगा कि वे अब शहरवासियों को सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवा सकें जोकि नगर निगम के कर्मचारियों के बिनां संभव नहीं है।


उन्होंने कहा कि नगर निगम बनने के बाद अब अधिकारियों के पास पहले की तुलना में ज्यादा अधिकार होंगें इसलिए वे शहरवासियों के सहयोग से उनका सही इस्तेमाल करते हुए शहर की आभा बहाल करने में अपना सहयोग दें। मीटिंग में मौजूद नगर निगम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने सरकार का धन्यवाद किया जिन्होंने एसडीएम पूनम सिंह को नगर निगम के अतिरिक्त कमिश्नर की जिम्मेवारी सौंपी और पूनम सिंह को अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इसके बाद पूनम सिंह ने नगर निगम के सभी रिकार्ड को चैक करते हुए अधिकारियों को नगर निगम के रूल एंड रेगुलेशन के तहत पूरे रिकार्ड को मेंनटेंन करने को कहा। इस मौके पर विक्रम धूड़िया, मंगत वर्मा, रोहित नागपाल, चीफ सेनेटरी इंस्पेकटर इकबाल सिंह, अश्वनी मिगलानी, अकाऊंटेंट रमेश यादव, शशि कुक्कड़, अंजू मिढ़ा, सुरजीत बराड़, चरणदास, राकेश कुमार, अशोक कुमार, राज कुमार वर्मा, गरीश कुमार, ओम प्रकाश ढिलोढ, मुरारी लाल, राज कुमार टांक (काली), मुकेश सोनी सहित नगर निगम के सभी कर्मचारी मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment